CBN की कार्रवाई: 1,031 किलो डोडा चूरा जब्त, सरकारी वाहन को टक्कर मारकर भागे तस्कर
डीएस सेवन न्यूज नीमच/चित्तौड़गढ़। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,031.580 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी कब्जे में लिया गया।
CBN प्रथम खंड की टीम को राजस्थान नंबर की एक पिकअप में बड़ी मात्रा में अवैध डोडा चूरा ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले के पालचा-उदपुरा मार्ग पर नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेडिंग तोड़कर मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान सरकारी वाहन को भी टक्कर मारने का प्रयास किया गया।
बताया गया कि मौके पर अंधेरा, तेज बारिश और दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने का फायदा उठाकर वाहन में सवार लोग फरार हो गए। इसके बाद CBN टीम ने पिकअप को कब्जे में लेकर नीमच कार्यालय पहुंचाया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में 51 एचडीपीई प्लास्टिक बोरियों में भरा कुल 1,031.580 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।
CBN ने जब्त मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और उनके पीछे जुड़े तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। CBN टीम अब मादक पदार्थ के स्रोत और संभावित गंतव्य के साथ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Tags
Breaking News