चित्तौड़गढ़ शंभूपुरा हाईवे पर टैंकर से डीजल चोरी कर बेचने का खुलासा, 430 लीटर अवैध डीजल जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

हाईवे पर टैंकर से डीजल चोरी कर बेचने का खुलासा, 430 लीटर अवैध डीजल जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 19 अगस्त। डीएसटी एवं थाना शंभूपुरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर टैंकर से डीजल निकालकर अवैध रूप से बेचने का खुलासा किया है। पुलिस ने जालमपुरा पुलिया के पास इंडियन ऑयल डिपो ओछड़ी के नजदीक स्थित होटल जंभेश्वर ढाबे से टैंकर, 430 लीटर अवैध डीजल, 2 ड्रम और 2 प्लास्टिक के केन जब्त किए। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक एवं टैंकर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में हाईवे पर टैंकरों से पेट्रोलियम पदार्थ निकालकर अवैध रूप से बेचने की गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई थी। डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि जालमपुरा पुलिया के पास होटल जंभेश्वर ढाबे पर टैंकर से डीजल निकाला जा रहा है। सूचना विश्वसनीय होने पर डीएसटी टीम ने थाना शंभूपुरा पुलिस के साथ मौके पर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से डीजल टैंकर और ज्वलनशील पदार्थ डीजल को नियमानुसार जब्त करते हुए होटल संचालक एवं टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:
श्रवण पुत्र बाबूराम विश्नोई (45), निवासी सदरी, थाना लोहावट, जिला फलोदी तथा माणकराम पुत्र मंगलराम विश्नोई (55), निवासी पलिना, थाना लोहावट, जिला फलोदी, जो टैंकर चालक है।

जब्त माल: 430 लीटर अवैध डीजल, 2 ड्रम, 2 प्लास्टिक के केन और डीजल टैंकर।

कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई सूरज कुमार, राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल देवेन्द्र, अरविन्द, अशोक, कृष्णकान्त, जगदीश, वीरेन्द्र, रामकेश एवं सुरेश सुंडा तथा थाना शंभूपुरा के एएसआई धर्मेन्द्र सिंह, कांस्टेबल रामकिशन, चालक महेन्द्र कुमार, रतनलाल एवं अनिल कुमार शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि हाईवे पर खुले में पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों को निकालकर बेचना आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसी गतिविधियों से आगजनी एवं बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुलिस प्रशासन द्वारा इस प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने आमजन से ऐसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post