गांधी हॉल में जर्मनी निवासी महिला से छेड़छाड़, चौकीदार गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज इंदौर। एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित गांधी हॉल परिसर में दिल्ली से घूमने आई जर्मनी निवासी एनआरआई महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला अपने साथी के साथ इंदौर घूमने आई थी। घटना की शिकायत मिलने के बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी चौकीदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जर्मनी की मूल निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रहने वाली महिला अपने साथी के साथ इंदौर भ्रमण पर आई थी। दोनों गांधी हॉल परिसर में घूम रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात चौकीदार दीपक, निवासी सीहोर ने महिला पर अशोभनीय टिप्पणियां कीं और छेड़छाड़ की नीयत से अश्लील इशारे किए।
महिला ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रारंभिक तौर पर महिला शिकायत दर्ज कराने के पक्ष में नहीं थी, लेकिन पुलिस ने उसे कानूनी कार्रवाई के संबंध में समझाया। इसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर एमजी रोड थाना पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। मंगलवार शाम आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Tags
Breaking News