विश्वराजसिंह मेवाड़ चित्तौड़गढ़ में दस्तूर के बाद उदयपुर आएंगे: धूणी दर्शन को लेकर विवाद की स्थिति, दूसरे पक्ष ने 2 नोटिस जारी किए
उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन के बाद सोमवार को चित्तौड़गढ़ में उनके बड़े बेटे विश्वराज सिंह मेवाड़ गद्दी पर बैठने के दस्तूर के बाद वे उदयपुर आएंगे। यहां सिटी पैलेस धूणी दर्शन को लेकर विवाद गहरा रहा है। इसको लेकर प्रशासन ने मध्यस्थता कराने का प्रयास किया लेकिन सहमति नहीं बनी। इस बीच दूसरे पक्ष ने दो विधिक नोटिस जारी कर बिना अनुमति पैलेस में और एकलिंगजी मंदिर में प्रवेश पर चेताया है तो दूसरी तरफ विश्वराजसिंह मेवाड़ का पक्ष सिटी पैलेस में जाने के लिए अड़ा है
इन 2 मुद्दों पर विवाद की स्थिति बन रही
• धूणी दर्शन : आयोजकों का दावा है कि उत्तराधिकार दस्तूर के बाद
विश्वराज सिंह सिटी पैलेस परिसर में धूणी दर्शन करेंगे। सिटी पैलेस दिवंगत महेंद्र सिंह मेवाड़ के भाई अरविंद सिंह मेवाड़ के कब्जे में है, जो पिता दिवंगत भगवत सिंह मेवाड़ की वसीयत से खुद को महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन चेयरमैन बताते हैं। ट्रस्ट ने रविवार शाम 2 आम सूचनाएं जारी की। इसमें कहा है कि विश्वराज ट्रस्ट सदस्य नहीं हैं। सोमवार को पैलेस म्यूजियम में सुरक्षा की दृष्टि से अनधिकृत लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
• एकलिंगजी दर्शन : विश्वराज सिंह दस्तूर के बाद एकलिंगजी मंदिर
जाएंगे। मंदिर एकलिंगजी ट्रस्ट का है, जिसके चेयरमैन भी अरविंद सिंह हैं। ट्रस्ट की दूसरी आम सूचना में 25 नवंबर को इस मंदिर में भी अनधिकृत प्रवेश निषिद्ध किया है। ट्रस्ट की संपत्ति को नुकसान की आशंका जताते हुए प्रशासन से पुलिस व्यवस्था का अनुरोध किया है।