उदयपुर: 80 सीसीटीवी खंगाले, न आरोपी मिला, न युवती की पहचान
तीसरे दिन भी खाली हाथ पुलिस, सोशल मीडिया पर मांगी मदद
उदयपुर। शहर के मदार गांव के श्मशान में युवती को जलाने के रहस्यमयी मामले में पुलिस तीसरे दिन भी खाली हाथ है। न तो मृतका की पहचान हो पाई और न ही आरोपी का कोई सुराग लगा। पुलिस ने अब युवती की पहचान के लिए सोशल मीडिया पर उसके जूते व अन्य सामान की तस्वीरें साझा की हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागभर के थानों से गुमशुदगी से जुड़ी जानकारी भी मांगी गई है। इसके बावजूद, गुरुवार देर रात तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
80 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, नहीं मिला कोई सुराग
पुलिस ने दो दिन में मदार, धूर, बरडा और बड़गांव क्षेत्र में लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
गौरतलब है कि मंगलवार रात अज्ञात व्यक्ति ने युवती को सिर से कमर तक जलाकर श्मशान में छोड़ दिया था। शव के पास एक बैग था, जिसमें रखे कपड़ों को ही जलाने के लिए इस्तेमाल किया गया। युवती के पैर सुरक्षित थे, जिससे पुलिस को उसकी पहचान मिलने की उम्मीद थी।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तीन दिन बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस अब अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जनता से सहयोग की अपील की है।
(ताज़ा अपडेट के लिए जुड़े रहें DS7 News Network के साथ।)
Tags
Breaking News