चित्तौड़गढ़: बंद कमरे में आग लगने से युवक की दम घुटने से मौत

चित्तौड़गढ़: बंद कमरे में आग लगने से युवक की दम घुटने से मौत
DS7NEWS NETWORK 
चित्तौड़गढ़। शहर के गांधीनगर कच्ची बस्ती क्षेत्र में रविवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक कमरे का दरवाजा बंद कर सोया था, इसी दौरान अज्ञात कारणों से कमरे में आग लग गई। आग से उठे धुएं के कारण दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

कैसे हुआ हादसा?

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, गांधीनगर क्षेत्र में भीलों की झोंपड़ियों में अकील हुसैन मेवाती का मकान है। मकान के निचले हिस्से में किराएदार रहते हैं और ऊपरी मंजिल पर परिवार। मृतक आरीफ उर्फ शकील (32) पेंटिंग का काम करता था। रविवार दोपहर काम से लौटने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया।

इसी दौरान अचानक कमरे में आग लग गई। जब नीचे रह रहे किराएदार ने ऊपरी मंजिल से धुआं उठते देखा तो पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां आरीफ सोफे पर बेहोश पड़ा मिला। कमरे में रखा सामान जल चुका था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर चौकी प्रभारी एएसआई जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कोतवाली सीआई भवानी सिंह को घटना से अवगत कराया। आरीफ को तुरंत एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि कमरे में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दम घुटने से युवक की मौत हुई है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।

परिवार में छाया मातम

मृतक आरीफ की शादी हो चुकी थी, लेकिन तलाक के बाद वह अकेला रह रहा था। उसका 11 साल का एक बेटा भी है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

DS7NEWS – सबसे पहले, सबसे तेज़।

Post a Comment

Previous Post Next Post