बेटी से मिलने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन
चित्तौड़गढ़। बेटी से मिलने जा रहे एक पिता की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चंदेरिया थाना क्षेत्र के ओडूंद गांव में हुआ, जहां ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मुलाकात से पहले ही मौत ने छीना पिता का साया
चित्तौड़गढ़ जिले के चौथपुरा गांव निवासी रामलाल पुत्र चुना जटिया अपनी बेटी से मिलने उसके ससुराल जा रहे थे। लेकिन ओडूंद गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन
हादसे की खबर से बैरवा समाज में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह चौथपुरा और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। पहले उन्होंने जिला अस्पताल में विरोध जताया, फिर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर ने मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता और एक्सीडेंटल क्लेम दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने की बात कही।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।