चित्तौड़गढ़ रेलवे ट्रैक के पास मिला 5 फीट लंबा मगरमच्छ, रेस्क्यू कर बस्सी अभयारण्य में छोड़ा गया

रेलवे ट्रैक के पास मिला 5 फीट लंबा मगरमच्छ, रेस्क्यू कर बस्सी अभयारण्य में छोड़ा गया
शंभूपुरा (चित्तौड़गढ़)DS7 News Network।
शंभूपुरा कस्बे के बाहरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास करीब 5 फीट लंबे और लगभग 30 किलो वजनी मगरमच्छ को घूमते हुए देखा। अचानक मगरमच्छ को देखकर स्थानीय लोग सहम गए और अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे, वहीं कई लोग उसे देखने के लिए मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट मनीष तिवारी को बुलाया गया। उनके साथ मुबारिक खान, राजस्थान ग्रामीण बैंक के कर्मचारी पीयूष कांबले, राहुल वानखेड़े, कुलदीप शर्मा और अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। टीम ने सतर्कता से स्थिति का आकलन किया और बिना किसी नुकसान के मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की रणनीति बनाई।

करीब तीन से चार साल पुराने इस मगरमच्छ को सावधानीपूर्वक काबू में लेकर बस्सी वन्यजीव अभयारण्य पहुंचाया गया, जहां वन विभाग की देखरेख में उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मनीष तिवारी ने बताया, "ऐसी परिस्थितियों में सबसे जरूरी होता है कि इंसानों और जानवरों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अगर लोगों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़े, तो ऐसे टकराव को टाला जा सकता है।"

इस मौके पर सूरज सेन, चिराग उपाध्याय, दीपक उपाध्याय, विकास सुखवाल सहित कई स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने टीम का सहयोग किया और पूरे ऑपरेशन को उत्सुकता से देखा।

 DS7 News Network)


Post a Comment

Previous Post Next Post