चित्तौड़गढ़ बेंगू स्कोडा कार से 137 किलो डोडा चूरा बरामद, महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

बेंगू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कोडा कार से 137 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद, महिला सहित दो गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। बेंगू थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार तड़के स्कोडा कार से 137.030 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने कार चालक सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है। बीते चार दिनों में बेंगू थाना पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह हिगड़ व सीओ बेंगू अंजलि सिंह के सुपरविजन और थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में शनिवार रात करीब 4 बजे मेनाल के पास हाईवे नंबर 27 पर नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान एक तेज गति से आती सफेद स्कोडा रेपिड कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी। पुलिस टीम ने पीछा कर मेनाल-रावडदा मार्ग पर कार को रोका। चालक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार की तलाशी में 9 कट्टों में भरा 137.030 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों में कैथल (हरियाणा) निवासी रामकेश पुत्र नोरीया राम (40) और अम्बाला (हरियाणा) निवासी चिक्की गुप्ता पत्नी प्रिंस गुप्ता (28) शामिल हैं। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला, चालक रामकेश की ‘धर्म बहन’ बनकर चित्तौड़गढ़ किले की सैर के बहाने साथ आई थी, ताकि पुलिस को शक न हो और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ आसानी से ले जाया जा सके।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। थाना बेंगू में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है

DS7NEWS NETWORK
संवाददाता: प्रियंका कुमावत


Post a Comment

Previous Post Next Post