चित्तौड़गढ़: सिर्फ 5 किलोमीटर दूर था भालू, लेकिन पशु चिकित्सक पहुंचे दो घंटे में रेस्क्यू के लिए वन विभाग करता रहा इंतजार

चित्तौड़गढ़: खनन क्षेत्र में भालू की दस्तक, दो घंटे देरी से पहुंचा पशु चिकित्सक, तीन घंटे की मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर मानपुरा खनन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक वयस्क भालू के पहुंचने से दहशत फैल गई। भालू गिट्टी क्रेशर के टीन शेड पर बैठ गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। शूटर भी समय पर पहुंच गया, लेकिन पशु चिकित्सक के देरी से पहुंचने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दो घंटे से अधिक का इंतजार करना पड़ा। गनीमत रही कि थकान की वजह से भालू एक ही स्थान पर बैठा रहा और रेस्क्यू टीम को सफलता मिल गई।

भालू को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू करने की प्रक्रिया नियमानुसार पशु चिकित्सक की मौजूदगी में ही संभव थी। वन विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय से मानपुरा के लिए पशु चिकित्सक को सूचना दी, लेकिन उन्हें पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान ग्रामीण और विभागीय टीम मौके पर इंतजार करती रही। आखिरकार वनपाल मनोहर जाट द्वारा भालू को ट्रेंकुलाइज किया गया और फिर पशु चिकित्सक डॉ. धर्मेंद्र सोन की निगरानी में उसका मेडिकल परीक्षण कर रेस्क्यू पूरा किया गया।

सूचना के अनुसार, यह भालू शुक्रवार को चित्तौड़ दुर्ग के रतनसिंह महल के पीछे देखा गया था और फिर बूंदी रोड की ओर खेतों में भी दिखा। भोईखेड़ा निवासी राधेश्याम भोई की मां खेत पर खाना बना रही थीं, तभी भालू मकान के पीछे से निकलता नजर आया। राधेश्याम ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जो अब वायरल हो रहा है।

शनिवार सुबह भालू ने भोईखेड़ा एनीकट पार कर मानपुरा खदान क्षेत्र की ओर रुख किया। यहां भारी भीड़ और मजदूरों की आवाजाही से भयभीत होकर वह टीन शेड पर जा बैठा। सूचना पर उपवन संरक्षक राहुल झांझड़िया के निर्देश पर वन्यजीव प्रेमी मनीष तिवारी एवं विभागीय टीम मौके पर पहुंची। बस्सी सेंचुरी से बुलाए गए शूटर और स्थानीय वनकर्मियों की तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भालू को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू टीम में वन्यजीव प्रेमी मनीष तिवारी के साथ वनपाल मनोहर जाट, मुकेश खारोल, तेज सिंह, नाथू सिंह, भूपेंद्र, प्रकाश सेन आदि शामिल रहे।

इस घटना से एक बार फिर यह साफ हुआ कि शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल देने की अपील की गई है।

DS7NEWS NETWORK
चित्तौड़गढ़ से प्रियंका कुमावत की रिपोर्ट


Post a Comment

Previous Post Next Post