चित्तौड़गढ़ में बुजुर्ग के अपहरण व लूट का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़,सदर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग व्यक्ति के अपहरण और लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए चित्तौड़गढ़ सदर थाना पुलिस व साइबर टीम ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली गई है। पकड़े गए आरोपियों ने चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जिलों व गुजरात राज्य में भी ऐसी ही वारदातें करना स्वीकार किया है।
क्या था मामला:
21 जून 2025 की रात को नदीम खां (52), निवासी अम्बिका पुरी विस्तार, कुंभानगर अपने काम से बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने स्कूटी को रोककर जबरन कार में बैठाया और भीलवाड़ा रोड की ओर ले जाकर मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने 50 हजार रुपये की मांग की, पीड़ित का मोबाइल छीनकर दबाव में उसके परिचित से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाया और फिर मारपीट कर नरपतखेड़ी पुलिया के पास फेंक दिया।
तेज जांच और गिरफ्तारी:
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन, और डीवाईएसपी विनय चौधरी व थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के जरिये कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. रोहित किलानिया पुत्र राजकपूर (जाट), निवासी सुरेती, सतनाली थाना, जिला महेन्द्रगढ़ (हरियाणा)
2. बलराम शर्मा पुत्र रामावतार, निवासी बड़ी का बास, थाना आमेर, जिला जयपुर
3. मनीष मीणा पुत्र बाबूलाल, निवासी खोरीबांसखो, थाना बस्सी, जिला जयपुर
4. दिलखुश मीणा पुत्र जगन्नाथ, निवासी राखला की ढाणी, थाना नागल राजवतान, जिला दौसा
अन्य खुलासे:
पूछताछ में आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, देवली (टोंक), बिछीवाड़ा (डूंगरपुर), मेघानीनगर (गुजरात) सहित अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदात करना कबूला है। पुलिस इनसे और भी वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
वाहन जब्त:
वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
रिपोर्ट: प्रियंका कुमावत, चित्तौड़गढ़
DS7NEWS NETWORK
Tags
Breaking News