स्कूल लेक्चरर-कोच भर्ती परीक्षा में लेट कैंडिडेट्स को नहीं मिली एंट्री: 9 बजे बंद हुए गेट, कई जगह बहस-बवाल, जूते-चेन तक उतरवाए गए

राजस्थान स्कूल लेक्चरर एवं कोच भर्ती परीक्षा शुरू : देर से पहुंचे अभ्यर्थियों को नहीं मिला प्रवेश

   रिपोर्ट : डीएस सेवन न्यूज
 कोटा में एक महिला अभ्यर्थी की परीक्षा छूट गई। देरी से   पहुंचने के कारण उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया
 

डीएस सेवन न्यूज राजस्थान में स्कूल लेक्चरर एवं कोच भर्ती परीक्षा-2024 की शुरुआत आज से हो गई है। पहले दिन दो विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। पहली पारी में जनरल अवेयरनेस एंड जनरल स्टडीज (GK) का पेपर सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक हुआ, जबकि दूसरी पारी में हिंदी सामान्य का पेपर दोपहर 2:30 से 5:30 बजे तक चलेगा।

राज्य के 15 जिलों में 909 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच अभ्यर्थियों से घड़ी, चैन, अंगूठी और जूते तक जमा करवाए जा रहे हैं।

कोटा में एक महिला अभ्यर्थी को देरी से पहुंचने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे उसके चेहरे पर मायूसी छा गई। वहीं सीकर में भी एक मिनट की देरी अभ्यर्थियों को भारी पड़ गई। सुबह 9:01 पर पहुंचे कई अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में घुसने नहीं दिया गया, जिसके बाद कुछ जगहों पर बहस की स्थिति भी बनी।

सीकर जिले में परीक्षा के लिए 49 केंद्र बनाए गए हैं। यहां पहली पारी में 14,412 और दूसरी पारी में 5,063 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। एसके स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक गर्भवती महिला को भी गेट पर विनती करते देखा गया, लेकिन कड़ी गाइडलाइन के चलते किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 2,202 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए प्रदेशभर से करीब 6 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा को चार समूहों में बांटा गया है, जो 4 जुलाई तक चलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post