बड़ी बहू ने पेट्रोल छिड़कर ससुर को जलाया, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
रिपोर्टर: नम्रता, अलवर
अलवर, तिजारा थाना क्षेत्र के राईखेड़ा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बीएसएफ के रिटायर्ड हेड कांस्टेबल लाल सिंह जोगी (65) पर उनकी बड़ी बहू लक्षिता ने पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। इस हमले में लाल सिंह का मुंह और हाथ गंभीर रूप से जल गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल अलवर में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना का क्रम
पीड़ित लाल सिंह के अनुसार, रविवार सुबह उन्होंने बहू से खाना मांगा, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर उन्होंने गाली-गलौज की, जिससे नाराज लक्षिता ने गुस्से में पेट्रोल की कैन उठाई और ससुर के चेहरे व शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। आग तेजी से फैल गई, लेकिन घर के अन्य सदस्यों ने समय पर उन्हें बचा लिया। छोटी बहू और भतीजे ने आग बुझाकर उन्हें अस्पताल पहुँचाया।
पहले भी हो चुका है दुर्व्यवहार
लाल सिंह ने पुलिस को बताया कि यह पहली बार नहीं था जब बहू ने उनके साथ मारपीट की। पहले भी उनके साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार हमला जानलेवा था। उन्होंने थाने में आरोपी बहू के खिलाफ केस दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस जांच में जुटी
तिजारा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। परिवार के अन्य सदस्यों और गवाहों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, आरोपी बहू को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है
(रिपोर्ट: नम्रता, अलवर संपादन: डीएस सेवन न्यूज ब्यूरो)
Tags
Breaking News