चित्तौड़गढ़ शहर में फिर दिखा भालू, वन विभाग ने की अपील सावधानी बरते

चित्तौड़गढ़ शहर के पास भालू की दस्तक, वन विभाग ने की सतर्कता बरतने की अपील
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। शहर के नजदीकी क्षेत्रों में इन दिनों एक भालू की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। शनिवार सुबह यह भालू बूंदी रोड स्थित खेतों में देखा गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से यह भालू चित्तौड़ दुर्ग और आसपास के खेतों में नजर आ रहा है।

वन विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आमजन से अपील की गई है कि भालू के नजदीक न जाएं और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ ना करें। भालू यदि खुद को असुरक्षित महसूस करता है तो हमला कर सकता है।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को यह भालू चित्तौड़ दुर्ग पर रतनसिंह महल के आसपास देखा गया था। वहीं शनिवार को यह बूंदी रोड के पास स्थित खेतों में दिखाई दिया। भालू को देखकर खेत में मौजूद किसान और महिलाएं घबरा गए। एक महिला खाना बना रही थी, उसी दौरान भालू मकान के पीछे से निकलता नजर आया। परिजनों ने तुरंत महिला को अंदर बुलाया और भालू को वहां से गुजरते हुए देखा गया।

भालू बाद में गंभीरी नदी किनारे होते हुए संगम महादेव के सामने की ओर मानपुरा की दिशा में निकल गया। बताया जा रहा है कि यह वही भालू है जो तीन दिन पहले अभयपुर घाटा क्षेत्र में दिखाई दिया था।

सोशल मीडिया पर भालू के फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। शुक्रवार को दुर्ग क्षेत्र में रतनसिंह महल के पीछे तथा शनिवार को खेतों में बने वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

वन विभाग की टीमें मानपुरा व भोईखेड़ा क्षेत्रों में भालू की खोजबीन में जुटी हुई हैं और नागरिकों से संयम व सतर्कता बरतने की अपील की गई है।


---

📍 DS7NEWS NETWORK – Chittorgarh
🖊️ संवाददाता: प्रियंका कुमावत

Post a Comment

Previous Post Next Post