ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश: नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज निम्बाहेड़ा। सदर थाना क्षेत्र में बाड़ी बांध के पास मिली अज्ञात बालिका की लाश के मामले में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सुधीर जोशी ने बताया कि 22 जून को सूचना मिली थी कि बाड़ी से मकनपुरा रोड पर स्थित बाड़ी बांध के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव की फोटोग्राफी करवाई और सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान कराने का प्रयास किया।
लगातार प्रयासों के बाद शव की पहचान निम्बाहेड़ा निवासी एक नाबालिग बालिका के रूप में हुई। परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में, एएसपी सरिता सिंह व डीएसपी बद्रीलाल राव के निर्देशन में टीम गठित कर गहन जांच की गई। 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि मृतका अक्सर निम्बाहेड़ा बस स्टैंड पर देखी जाती थी। 22 जून को उसे आखिरी बार एक बाइक सवार युवक के साथ जाते हुए देखा गया।
बाइक के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान घनश्याम उर्फ श्याम लाल माली निवासी चांदखेड़ा, तहसील निम्बाहेड़ा के रूप में हुई।
पुलिस ने घनश्याम को निम्बाहेड़ा की कच्ची बस्ती के पास से डिटेन कर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसने बालिका को घुमाने के बहाने कपासन, मंडफिया, आवरीमाता आदि जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। बाद में बालिका द्वारा परिजनों को बताने की धमकी देने पर आरोपी ने रात में बाड़ी बांध के पास सुनसान सड़क पर ले जाकर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी को अपहरण, हत्या व पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई है। पुलिस का गहन अनुसंधान जारी है।
📍 DS7NEWS NETWORK – NIMBAHERA
Tags
Breaking News