DS7NEWS NETWORK Udaipur
रिपोर्ट: जिन्नत, उदयपुर से
फ्रांस की युवती से रेप का आरोपी चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार, बॉलीवुड फिल्मों में कर चुका है कास्टिंग
उदयपुर में एड शूट के लिए आई फ्रांस की युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा (29) के रूप में हुई है, जो एक कास्टिंग कंपनी का मालिक है। उसने सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारों की फिल्मों के लिए कास्टिंग की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 'कास्टिंग कॉल' नाम से कंपनी चलाता है और ऐड, सॉन्ग, सीरियल व मूवी के लिए कास्टिंग करता है। इसी कंपनी ने युवती को मोबाइल एड शूट के लिए उदयपुर बुलाया था। 22 जून को पिछोला, सज्जनगढ़ फोर्ट और आसपास के रेस्टोरेंट्स में शूट हुआ। रात में क्रू टाइगर हिल स्थित 'द ग्रीक फॉर्म एंड रेस्ट्रो कैफे' में पार्टी के लिए पहुंचा।
पार्टी के दौरान आरोपी ने युवती को स्मोक के बहाने अपने सुखेर स्थित फ्लैट पर बुलाया और वहीं दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
SP योगेश गोयल का बयान:
"आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है। सात दिन में केस की पूरी जांच कर चालान पेश किया जाएगा। युवती लंबे समय से दिल्ली में रह रही है और राजस्थान पहले भी आ चुकी है।"
आरोपी की सफाई:
पुलिस कस्टडी में एसपी ऑफिस ले जाते समय आरोपी जोर-जोर से चिल्लाता रहा— "मैंने रेप नहीं किया है। मुझे फंसाया गया है। मैं खुद सरेंडर करने आ रहा था।"
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा:
इसी बीच, शहर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जब पुलिस आरोपी को एसपी ऑफिस ला रही थी, तो कांग्रेस नेता फतेह सिंह राठौड़ सहित कई कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पीटने की कोशिश की। पुलिस ने बीच-बचाव कर आरोपी को अंदर ले जाकर फाटक बंद कर दिया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक हंगामा चला।
सूत्रों के अनुसार:
पुष्पराज ने ‘प्रेम रतन धन पायो’ और ‘खेल-खेल में’ जैसी फिल्मों में कास्टिंग की थी। इसके अलावा वह 'क्राइम पेट्रोल' और कई ऐड शूट्स में भी काम कर चुका है। युवती अंबामाता क्षेत्र के होटल में रुकी थी। घटना के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर है।
DS7NEWS NETWORK – Udaipur
रिपोर्ट: जिन्नत खान
Tags
Breaking News