1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते CMHO कार्यालय का AAO गिरफ्तार निजी हॉस्पिटल का लाइसेंस निरस्त नहीं करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर जयपुर एसीबी की टीम ने उदयपुर स्थित सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रशासनिक अधिकारी (AAO) को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशीष डामोर (35) पुत्र हेमराज डामोर निवासी खंडी ओबरी, खेरवाड़ा, उदयपुर के रूप में हुई है।
आरोपी वर्तमान में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, उदयपुर में कार्यरत है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उपमहानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में जयपुर शहर प्रथम इकाई के एएसपी भूपेन्द्र के नेतृत्व में यह ट्रैप कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आशीष डामोर ने परिवादी के प्राइवेट हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण कर खामियां बताई और उसका लाइसेंस निरस्त नहीं करने की एवज में 2.5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। प्रारंभिक सत्यापन में 2 लाख रुपए पर सहमति बनी थी। आरोपी ने पहले 50,000 रुपए ले लिए थे और शेष 1.50 लाख रुपए की मांग कर रहा था।
शुक्रवार को जब परिवादी रिश्वत की शेष राशि देने पहुंचा तो एसीबी की टीम ने आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: जिन्नत, उदयपुर | DS7NEWS NETWORK Udaipur
Tags
Breaking News