चित्तौड़गढ़ में नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 2.037 किलो अवैध अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़ में नारकोटिक्स ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 2.037 किलो अवैध अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), कोटा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 14 जुलाई को विशिष्ट सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में CBN अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़-गंगरार रोड स्थित चंदेरिया रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति को पकड़ा, जिसके पास से 2.037 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, CBN को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध अफीम लेकर किसी तस्कर को सौंपने की फिराक में है। सूचना मिलते ही कोटा से एक विशेष टीम रवाना की गई, जिसने संदिग्ध व्यक्ति पर निगरानी रखते हुए उसे चिन्हित किया और ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अफीम बरामद हुई।

CBN ने बरामद अफीम को NDPS अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। आगे की पूछताछ एवं जांच की प्रक्रिया जारी है। इस पूरी कार्रवाई को उप नारकोटिक्स आयुक्त नरेश बुंदेल के निर्देशन में अंजाम दिया गया।

📍 DS7 News Network, Chittorgarh


Post a Comment

Previous Post Next Post