चित्तौड़गढ़ पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक पारलिया 121 किलो डोडा-चूरा के साथ गिरफ्तार, NCB ने की बड़ी कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक पारलिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी की कार से 1 क्विंटल 21 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया गया।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश के इंदौर से आई NCB टीम ने की। अशोक पारलिया की लंबे समय से तलाश की जा रही थी, क्योंकि वह डोडा-चूरा और अफीम की तस्करी में संलिप्त था और नीमच में वांछित भी था।
सूत्रों के अनुसार, साल 2020 में भी वह तस्करी के मामले में पकड़ा गया था, लेकिन बाद में फरार हो गया था और मोबाइल बंद कर दिया था। हाल ही में उसके मोबाइल ऑन होते ही उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई, जिसके बाद इंदौर से आई टीम ने मंडफिया क्षेत्र में कार्रवाई की।
NCB को यह भी सूचना मिली थी कि आरोपी पोटला गांव से लौटते समय भदेसर थाना क्षेत्र से डोडा-चूरा लेकर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर नरबदिया गांव के पास उसकी कार को रोका गया, जहां से 121 किलो डोडा-चूरा बरामद हुआ।
कार्रवाई के बाद आरोपी को मंडफिया थाने लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे इंदौर ले जाया गया और वहां औपचारिक गिरफ्तारी की गई।
जानकारी यह भी सामने आई है कि अशोक पारलिया को छुड़ाने के लिए कई भाजपा नेता मौके पर पहुंचे और NCB पर दबाव डालने की कोशिश की, लेकिन टीम ने किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं माना और कार्रवाई को पूरी मजबूती से अंजाम दिया।
अशोक पारलिया पूर्व में भादसोड़ा मंडल अध्यक्ष, पंचायत समिति सदस्य सहित कई पदों पर रह चुका है और भदेसर-भादसोड़ा क्षेत्र के बड़े नेताओं का करीबी माना जाता है।
रिपोर्ट: DS7NEWS NETWORK, चित्तौड़गढ़
Tags
Breaking News