“98% सल्फ्यूरिक एसिड से भरा टैंकर अस्पताल के पास पलटा, युवकों की सतर्कता ने बचाई सैकड़ों जानें”
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ कपासन रविवार रात करीब 11 बजे उप जिला अस्पताल के पास स्टेट हाईवे संख्या 9 पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दरीबा माइंस से महाराष्ट्र के नांदेड़ जा रहा 39 टन सल्फ्यूरिक एसिड से भरा टैंकर अचानक पलट गया। हादसे में टैंकर से तेज़ी से एसिड का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टैंकर अस्पताल से महज कुछ ही फीट दूर 30 फीट ऊंची पुलिया पर पलटा। हादसा ब्रेकर और मोड़ के बीच फीटविल पिन निकलने से हुआ, जिससे टैंकर की केबिन बॉडी से अलग हो गई और वह डिवाइडर पार करता हुआ पुलिया पर पलट गया। गनीमत रही कि टैंकर पुलिया से नीचे नहीं गिरा, वरना एक बड़ा रासायनिक विस्फोट हो सकता था।
स्थानीय युवकों की फुर्ती बनी सुरक्षा कवच
बाइक सवार दो युवकों—कैलाश भट्ट और पुरुषोत्तम वैष्णव—की सतर्कता ने हालात को नियंत्रण में लाने में बड़ी भूमिका निभाई। दोनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थानाधिकारी रतन सिंह मौके पर पहुंचे और तुरंत हाईवे को बंद करवा दिया। यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया।
दरीबा की स्पेशल टीम ने संभाली मोर्चा
रात करीब 1 बजे हिंदुस्तान जिंक, दरीबा की स्पेशल केमिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर चूने का पाउडर छिड़कते हुए एसिड को न्यूट्रलाइज किया। टीम का नेतृत्व सिक्योरिटी इंचार्ज विष्णु मिश्रा और फायर ऑफिसर हर्ष ने किया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उप जिला अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को सिटी डिस्पेंसरी में शिफ्ट किया गया।
प्रशासन व जनप्रतिनिधि मौके पर रहे मौजूद
रातभर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। मौके पर विधायक अर्जुनलाल जीनगर, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, तहसीलदार एम. नासिर बेग मिर्जा, बीसीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार सहित भाजपा पदाधिकारी, राधेश्याम वैष्णव, विकास बारेगामा, पंकज सिरोया समेत कई कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे
📍रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, कपासन एक बड़े खतरे से बाल-बाल बचा।
✍️ रिपोर्ट: DS7NEWS NETWORK, CHITTORGARH
Tags
Breaking News