बड़ीसादड़ी खरदेवला गांव में नानूराम गायरी की हत्या का मामला गर्माया, थाने के बाहर प्रदर्शन, चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे जाम

बड़ीसादड़ी: खरदेवला हत्याकांड में नया मोड़, गायरी समाज का थाने के बाहर प्रदर्शन
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ बड़ीसादड़ी उपखंड के खरदेवला गांव में नानूराम गायरी की हत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। रविवार को गायरी समाज के लोगों ने बड़ीसादड़ी थाने के बाहर प्रदर्शन कर टायर जलाए और चित्तौड़गढ़-उदयपुर मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की

11 जुलाई को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को नानूराम गायरी अपने दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से खरदेवला जा रहे थे। काली मगरी के पास भंवरलाल गायरी और अन्य लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला किया। सोनिघरो का खेड़ा निवासी पुरण सिंह भी हमले में शामिल था। हमलावरों ने नानूराम के बच्चों को भी नहीं बख्शा। गंभीर हालत में नानूराम को उदयपुर रेफर किया गया, जहां शनिवार देर शाम उनकी मौत हो गई।

परिजनों के गंभीर आरोप
नानूराम के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नानूराम करीब 30 घंटे तक होश में थे और पुलिस को कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने बताया कि डेढ़ महीने पहले भी पुलिस को भंवरलाल की धमकियों की शिकायत दी गई थी, जिस पर कोई कदम नहीं उठाया गया।

पुलिस का जवाब और आश्वासन
बड़ीसादड़ी सीआई कमलचंद मीणा ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि नानूराम के सिर में गंभीर चोट के कारण वह बेहोश थे और बयान देने की स्थिति में नहीं थे। गंभीर हालत में उन्हें उदयपुर रेफर किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक देशराज कुलदीप ने प्रदर्शनकारियों को 5 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। शव को खरदेवला ले जाकर देर शाम अंतिम संस्कार किया गया।

कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
चित्तौड़गढ़ प्रतापगढ़ डेयरी चेयरमैन और बड़ीसादड़ी विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी बद्रीलाल जाट ने इस घटना पर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ीसादड़ी में पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

पुलिस ने बताया पुराना विवाद
पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2024 में भंवरलाल पर नानूराम और अन्य लोगों ने जानलेवा हमला किया था, जिसका मामला अभी न्यायालय में लंबित है।
DS7NEWS NETWORK
बड़ीसादड़ी, राजस्थान

Post a Comment

Previous Post Next Post