ब्रेकिंग न्यूज़: चित्तौड़गढ़ में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, राणा प्रताप सागर का गेट खोला गया
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक जारी रही। लगातार हो रही इस बारिश के कारण छोटे-मोटे बांध छलक उठे हैं और बड़े बांधों में भी पानी की आवक तेज हो गई है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से टूट गया है।
राणा प्रताप सागर बांध का गेट खोला गया
भारी बारिश को देखते हुए दोपहर 12:50 पर राणा प्रताप सागर बांध का गेट खोला गया। चंबल माता की पूजा के बाद पुलिस और सिविल डिफेंस की मौजूदगी में जल निकासी की प्रक्रिया शुरू की गई। गेट नंबर 11 से 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध में 1 लाख 25 हजार क्यूसेक पानी की लगातार आवक बनी हुई है।
तालाब और बांध छलके, कई खेत जलमग्न
गुणेर, मोडिया महादेव, देवलिया, सादी और अन्य कई बांधों में चादर चल रही है। बस्सी तालाब, शिव सागर और अन्य जल स्त्रोत भी पूरी तरह भर चुके हैं। ब्राह्मणी नदी के उफान के चलते बेगूं क्षेत्र के खेत जलमग्न हो गए हैं और बोराव से गोपालपुरा के करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया है।
नीलिया महादेव मंदिर और अस्पताल में घुसा पानी
बस्सी क्षेत्र में नीलिया महादेव झरने का जलस्तर इतना बढ़ गया कि मंदिर में पानी घुस गया। वहीं पास का छोटा तालाब भरने से उपजिला चिकित्सालय में भी पानी भर गया।
बोदियाना नाले में फंसी बस
चित्तौड़गढ़ से कपासन जाने वाले मार्ग पर बोदियाना नाले में पानी भर जाने से एक बस फंस गई। अंडरब्रिज में पानी भरने से कई वाहन भी फंसे। शहर के स्टेशन रोड पर घुटनों तक पानी भर गया।
विजयपुर और बेगूं में हालात बिगड़े
विजयपुर के कई गांवों—पालेर, गोपालपुरा, झुंपड़ियां और गोरसिया—का संपर्क टूट गया है। वहीं बेगूं थाने में करीब दो फीट तक पानी घुस गया और वहां खड़े कई जब्त वाहन डूब गए।
DS7NEWS NETWORK चित्तौड़गढ़ से प्रियंका कुमावत की रिपोर्ट
Tags
Breaking News