उदयपुर गोगुन्दा में वृद्ध दंपती से 1.75 लाख की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग का सरगना नकुल सासी गिरफ्तार, मध्यप्रदेश से दबोचा गया आरोपी

गोगुन्दा में वृद्ध दंपती से 1.75 लाख की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग का सरगना नकुल सासी गिरफ्तार, मध्यप्रदेश से दबोचा गया आरोपी
डीएस सेवन न्यूज गोगुन्दा (उदयपुर) – करीब एक महीने पूर्व गोगुन्दा कस्बे में वृद्ध दंपती से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गैंग के मास्टरमाइंड नकुल सासी को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी प्रोडक्शन वारंट के जरिए की गई, जिसमें आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी नकुल सासी पुत्र राजकुमार सासी, निवासी कड़िया, थाना बोडा, जिला राजगढ़ (म.प्र.) अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देता था। यह गैंग विशेष रूप से बुजुर्ग और अकेले बैंक ग्राहकों को निशाना बनाता था।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम

गोगुन्दा थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि 24 जून 2025 को 70 वर्षीय नाथूसिंह राजपूत और उनकी पत्नी मोहन कंवर, निवासी सेमड़, सायरा, गोगुन्दा बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने पहले से बैग में रखे ₹75,000 और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से निकाले गए ₹1 लाख रुपये के साथ ज्वेलरी खरीदने प्रताप चौक की ओर पैदल रवाना हुए। दुकान में बातचीत के दौरान दो अज्ञात युवक बैग लेकर रफूचक्कर हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी एसपी सूर्यवीर सिंह मौके पर पहुंचे और आसपास के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। दो संदिग्ध युवकों की पहचान के बाद तकनीकी सहायता और मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से आरोपी नकुल के घर पर छापा मारा गया। वहां से एक काले बैग में छिपाए गए ₹1,40,000 नकद और पीड़ित दंपती के आधार कार्ड बरामद किए गए।

आरोपी के खिलाफ कई राज्य में दर्ज हैं केस

थानाधिकारी के मुताबिक नकुल एक शातिर अपराधी है, जो पहले भी राजस्थान और गुजरात में कुल 11 मामलों में संलिप्त पाया गया है। वह अपने नाबालिग साथियों के जरिए बैंक के बाहर नजर रखता है और उपयुक्त मौका मिलने पर वारदात को अंजाम देता है।

गिरफ्तारी और जांच टीम

प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ़्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड लिया गया है। आगे की पूछताछ जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में डिप्टी एसपी सूर्यवीर सिंह, थानाधिकारी श्याम सिंह, एएसआई विनेश कुमार, हेड कांस्टेबल चरण सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, सत्यनारायण, किशोर कुमार, राजेंद्र कुमार और शिव सिंह की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post