उदयपुर रक्षाबंधन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा अभिनंदन, 501 रुपए और मिठाई भेंट करेगी सरकार

उदयपुर रक्षाबंधन पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा अभिनंदन, 501 रुपए और मिठाई भेंट करेगी सरकार
DS7 NEWS NETWORK
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, राखी के पावन पर्व पर इस बार प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के चेहरे पर खास मुस्कान देखने को मिलेगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए राज्यभर की सभी आंगनबाड़ी बहनों को 501 रुपए नकद राशि और मिठाई का उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया जाएगा।

इस विशेष आयोजन की तैयारियां ज़ोरों पर हैं और इसे लेकर राज्य सरकार की ओर से अलग बजट स्वीकृत किया गया है। मिठाई वितरण के लिए भी अलग से फंड निर्धारित किया गया है।

उदयपुर जिले की बात करें तो यहां 2368 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 4736 बहनें (कार्यकर्ता व सहायिका) सेवाएं दे रही हैं। सभी को यह राशि और मिठाई रक्षाबंधन के दिन यानी 9 अगस्त को दी जाएगी।
पूरे राजस्थान में 63,071 केंद्रों पर कार्यरत 1,26,142 बहनों के लिए लगभग 6 करोड़ 31 लाख 97 हजार रुपए की राशि जारी की गई है। जिला स्तर पर औसतन 3.50 लाख रुपए खर्च होंगे, जिनमें से दो लाख रुपए आयोजन के लिए और 1.50 लाख रुपए मिठाई व उपहार के लिए निर्धारित किए गए हैं।

सरकार की इस घोषणा को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। यह न केवल उनके कार्य के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि उन्हें भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश भी।

रक्षाबंधन के दिन जब हर बहन अपने भाई से प्रेम की डोर बांधती है, तब सरकार का यह छोटा लेकिन सार्थक प्रयास इन ज़मीनी स्तर पर काम करने वाली बहनों के लिए एक बड़ी सौगात बनकर सामने आएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post