चित्तौड़गढ़: पार्किंग यार्ड से बैटरी चोरी के मामले में 6 गिरफ्तार, कई अन्य अपराधों में भी थे शामिल
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 11 अगस्त 2025: मंगलवाड़ कस्बे के एक पार्किंग यार्ड से वाहनों की बैटरी चोरी की घटना को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी सलूम्बर जिले के रहने वाले हैं और कई अन्य आपराधिक मामलों में भी लिप्त पाए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 2 अगस्त की रात को मंगलवाड़ में मंगल मूर्ति पार्किंग यार्ड से अज्ञात चोरों ने वहां खड़े वाहनों की बैटरियां चुरा ली थीं। इस घटना के बाद मंगलवाड़ थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसका नेतृत्व थानाधिकारी भगवानलाल ने किया। इस टीम में एएसआई जगदीश चंद्र सुखवाल, कांस्टेबल टंवरसिंह, गोमाराम, प्रेमाराम, गजेंद्र कुमार, उम्मेदसिंह, चंद्रशेखर और राकेश कुमार शामिल थे
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सलूम्बर जिले के भींडर थाना क्षेत्र में छापेमारी की और छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बैटरी चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
सुरेश (20), मानपुरियों का गुड़ा, थाना कूं, सलूम्बर।
लालू (25), डूमो तालाब, थाना कूं, सलूम्बर।
नरेश (25), डूमो तालाब, थाना कूं, सलूम्बर।
जगदीश चंद्र (20), उमरकोटा, थाना लसाड़िया, सलूम्बर।
मुकेश कुमार (23), कंडेला, थाना लसाड़िया, सलूम्बर।
डालचंद (22), रेलमहुडी, थाना लसाड़िया, सलूम्बर।
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकारी। इनमें से कुछ ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले उन्होंने मध्य प्रदेश के जावरा के पास एक शिव मंदिर में तोड़फोड़ और चोरी की थी। इसके अलावा, करीब 20-25 दिन पहले इनमें से कुछ आरोपियों ने सलूम्बर जिले के अन्य साथियों के साथ मिलकर बलीचा के पास कच्चूमरा में एक सरकारी स्कूल से गेहूं की बोरियां चुराई थीं।
पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित थे और इनके खिलाफ सलूम्बर और आसपास के क्षेत्रों में 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच कर रही है।
Tags
Breaking News