चित्तौड़गढ़ पुलिस कप्तान की सख्त चेतावनी – त्योहारों पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं, अपराधियों पर हो तुरंत कार्रवाई
DS7NEWS NETWORK, चित्तौड़गढ़।
जिले में कानून व्यवस्था को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक अहम अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में संपन्न हुई, जिसमें जिले भर के एएसपी, डीएसपी, सीआई व थानाधिकारी मौजूद रहे।
इस गोष्ठी में विशेष तौर पर रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रबंधों की रणनीति पर विचार किया गया। एसपी त्रिपाठी ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नए अफसरों से परिचय और पुराने प्रकरणों पर तेज़ कार्रवाई के निर्देश
बैठक की शुरुआत जिले में हाल ही में पदस्थ हुए वृत्ताधिकारियों व थाना प्रभारियों से परिचय के साथ हुई। इस दौरान एसपी ने बीते वर्षों की तुलना में अपराध नियंत्रण के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर तेज़ कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंभीर अपराधों की एफआईआर में कोई ढिलाई न हो, और ऐसे मामलों में त्वरित जांच कर अपराधियों को गिरफ़्तार किया जाए। साथ ही पुलिस हिरासत में होने वाली घटनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
अपराधियों से गठजोड़ पर सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिसकर्मी की अपराधियों से संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महिला अपराध, कमजोर वर्ग पर अत्याचार, सड़क दुर्घटनाएं और संपत्ति चोरी जैसे मामलों पर भी फोकस बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि न्यायालय से जारी स्थाई वारंटों की तामील में तेजी लाएं और वांछित अपराधियों की धरपकड़ प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में एसपी मनीष त्रिपाठी के साथ एएसपी सरिता सिंह (चित्तौड़गढ़), एएसपी भगवत सिंह (रावतभाटा), अनुसंधान सेल के मुकेश सांखला, व जिले के सभी वृत्ताधिकारी, थाना अधिकारी और कार्यालय स्टाफ मौजूद रहे।
---
DS7NEWS NETWORK
चित्तौड़गढ़ से [प्रियंका कुमावत] की रिपोर्ट
Tags
Breaking News