जोगनिया माता दर्शन को निकले श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, एक दर्जन घायल, एक गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ रेफर
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ बेगूं क्षेत्र के जोगनिया माता मेनाल मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ी दुर्घटना हो गई। जोगनिया माता के दर्शन को निकले श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 12 से अधिक श्रद्धालु चोटिल हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, यह श्रद्धालु बूंदी जिले के अस्तौली गांव से जोगनिया माता में रसोई चढ़ाने आए थे और ट्रॉली में कुल 35 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को हीरावत चिकित्सालय, जोगनिया माता पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेंगू उपजिला अस्पताल रेफर किया गया।
इन घायलों में सुरेश पुत्र रमेश मीणा (18 वर्ष), राजू पुत्र समरत मीणा (30 वर्ष), दीपा सिंह भील (13 वर्ष), विष्णु पुत्र प्रहलाद भील (16 वर्ष) और सुखराम पुत्र लालूराम मीणा (30 वर्ष) शामिल हैं। इनमें विष्णु को पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर की वजह से प्राथमिक जांच के बाद चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थानीय पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ट्रैक्टर ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जांच की जा रही है।
Tags
Breaking News