बीकानेर: राजकीय विद्यालय में शिक्षक की शर्मनाक हरकत, छात्रा को दिया लव लेटर, निलंबित
डीएस सेवन न्यूज बीकानेर जिले के खाजूवाला ब्लॉक स्थित चक 2 KLD राजकीय विद्यालय में एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत ने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया। विद्यालय में कार्यरत व्याख्याता सुरेश कुमार पर 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को प्रेम पत्र देने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के बाद ग्रामीणों और छात्रा के परिजनों में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते स्कूल के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
छात्रा ने शिक्षक के इस कृत्य की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों में स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक भी शामिल हो गए और सभी ने धरने पर बैठकर आरोपी शिक्षक के तत्काल निलंबन की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूचना मिलने पर दंतौर पुलिस और खाजूवाला ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को विभागीय जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद तालाबंदी समाप्त हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) किशनदान चारण ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और इसे संज्ञान में लेते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने तत्काल प्रभाव से आरोपी शिक्षक सुरेश कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक को डूंगरपुर जिला मुख्यालय में माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। साथ ही, शिक्षा विभाग ने मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी है, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सके। DEO चारण ने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी
Tags
Breaking News