चित्तौड़गढ़ लूट व नाबालिग बहनों के अपहरण मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ रावतभाटा थाना पुलिस ने लूट और नाबालिग दो सगी बहनों के अपहरण मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी माह में आरोपियों ने इंदौर से किराये पर लाई गई होंडा अमेज कार को रावतभाटा क्षेत्र के किशोरपुरा जंगल में लूट लिया था। इसके बाद उसी कार से दो नाबालिग सगी बहनों का अपहरण कर फरार हो गए थे। इस संबंध में रावतभाटा थाने में दो प्रकरण दर्ज हुए थे।
पुलिस ने पहले ही आरोपियों के एक साथी प्रकाश वर्मा (20) निवासी सावरस्या, जिला राजगढ़ (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लूटी गई कार बरामद कर ली थी। वहीं शेष आरोपी 23 वर्षीय भूपेंद्रसिंह राजपूत निवासी शाजापुर (मध्यप्रदेश) और 21 वर्षीय संदीप सिंह राजपूत निवासी बूंदी की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर भूपेंद्रसिंह को सीहोर (मध्यप्रदेश) से और संदीप सिंह को बूंदी जिले के रायथल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। भूपेंद्रसिंह के खिलाफ पूर्व में मारपीट, आर्म्स एक्ट, बलात्कार और पोक्सो सहित गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ और आगे की जांच जारी है।
Tags
Breaking News