उदयपुर में सरकारी डॉक्टर सौतेले पिता ने 10 साल की बेटी से की छेड़छाड़, मां को दी जान की धमकी

उदयपुर में दिल दहलाने वाला मामला सौतेले पिता ने 10 साल की बच्ची से की छेड़छाड़, मां को दी जान से मारने की धमकी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो इंसानियत को शर्मसार करती है। एक नाबालिग बच्ची के साथ उसके सौतेले पिता ने ही घिनौनी हरकत की। आरोपी, जो पेशे से सरकारी डॉक्टर है, ने नशे में धुत होकर 10 साल की मासूम से छेड़छाड़ की। मां ने जब उसे इस शर्मनाक कृत्य के दौरान पकड़ा, तो उसने धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो वह मां-बेटी दोनों की जान ले लेगा।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता की मां एक सरकारी शिक्षिका हैं। उनकी पहली शादी टूटने के बाद सोशल मीडिया के जरिए उनकी मुलाकात डूंगरपुर के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर से हुई। दोनों के बीच दोस्ती गहरी हुई और फिर उन्होंने नाता विवाह कर लिया। शिकायत में बताया गया कि डॉक्टर को शराब की लत थी और वह रोजाना नशे में रहता था।

घटना 10 मई की रात की है। रात करीब 12 बजे आरोपी डॉक्टर नशे में घर लौटा और खाना गर्म करने को कहा। उस समय उनकी 10 साल की बेटी कमरे में सो रही थी। जब मां खाना लेकर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि उनका पति उनकी बेटी के साथ गलत हरकत कर रहा था। मां के टोकने पर आरोपी ने उन्हें और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post