16 थानों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण: 23 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा, गांजा व एमडीएमए को जलाकर नष्ट
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ जिले की पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 थानों में वर्षों से मालखानों में रखे जब्तशुदा मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट कर दिया। जिला औषधि व्ययन समिति की देखरेख में चन्देरिया स्थित बिड़ला सीमेंट वर्क्स के कीलन प्लांट में डोडा चूरा, गांजा, अफीम कम मार्फिन और एमडीएमए सहित कुल 23 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जलाकर समाप्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी की उपस्थित में हुई इस कार्रवाई में न्यायालय से भौतिक सत्यापन और आदेश प्राप्त होने के बाद सभी थानों से जब्त सामग्री को एकत्र किया गया। एसपी के अनुसार, कई थानों में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पकड़े गए मादक पदार्थों के कारण मालखाने भरे पड़े थे, जिससे अन्य सामान सुरक्षित रखने में कठिनाई आ रही थी। इसी कारण कार्यप्रणाली शाखा द्वारा सभी संबंधित थानाधिकारियों से निस्तारण प्रस्ताव तैयार कर रिकॉर्ड संकलित किया गया।
नष्टीकरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और समिति की टीम ने पहले सभी माल का रिकॉर्ड मिलान किया और वजन सत्यापित किया। पूरी कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई, ताकि प्रक्रिया का हर चरण निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे।
कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह, पुलिस निरीक्षक जोधाराम, थानाधिकारी चन्देरिया सुनीता गुर्जर, कार्यप्रणाली शाखा प्रभारी एएसआई मनोज कुमार सहित 16 थानों के थाना प्रभारी व मालखाना प्रभारी उपस्थित रहे।
जिले के कोतवाली चित्तौड़गढ़, सदर चित्तौड़गढ़, कोतवाली निम्बाहेड़ा, सदर निम्बाहेड़ा, डूंगला, मंगलवाड़, साडास, बड़ीसादड़ी, रावतभाटा, बेगूं, भदेसर, बिजयपुर, बस्सी, निकुम्भ, कपासन और पारसोली—इन कुल 16 पुलिस थानों में दर्ज 50 मामलों से यह अवैध सामग्री जब्त की गई थी।
इन 50 प्रकरणों में से 39 मामलों में 22 क्विंटल 84 किलोग्राम 762 ग्राम डोडा चूरा, 9 मामलों में 31 किलोग्राम गांजा, एक मामले में 2 किलोग्राम 820 ग्राम अफीम कम मार्फिन तथा एक मामले में 84 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया था। यह सभी मात्रा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाईयों के दौरान तस्करों के कब्जे से बरामद की थी।
सभी मादक पदार्थों को जिला औषधि व्ययन समिति की मंजूरी के बाद बिड़ला सीमेंट प्लांट की कीलन में उच्च तापमान पर जलाया गया। पुलिस अधीक्षक ने इस प्रक्रिया को मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने और थानों को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया
DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH
Tags
Breaking News