चित्तौड़गढ़ होलसेल कृषि मंडी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

चित्तौड़गढ़ : कृषि मंडी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। शहर की होलसेल कृषि उपज मंडी परिसर में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह मंडी पहुंचे व्यापारियों और श्रमिकों ने शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

एएसआई अमरसिंह ने बताया कि शव उदयपुर मार्ग स्थित मंडी परिसर में मिला है। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक विनय चौधरी, शहर कोतवाल तुलसीराम प्रजापत, एसआई तुलसीराम आचार्य सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है।

शव के आंख के ऊपर चोट का निशान देखा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया है। भीलवाड़ा से एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाया गया है जो वैज्ञानिक तरीके से जांच करेगी। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

व्यापारी किशोर धाकड़ ने बताया कि सुबह श्रमिकों ने शव देखा था। मंडी उदयपुर और निंबाहेड़ा मार्ग के बीच स्थित है, जहां रात के समय संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी रहती है। एएसआई अमरसिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।

— DS7 NEWS NETWORK

Post a Comment

Previous Post Next Post