नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई: कार से 650 ग्राम अफीम जप्त, तीन युवक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के तहत गंगरार थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 650 ग्राम अफीम जप्त कर कार में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह तथा गंगरार उपाधीक्षक शिवन्या सिंह के निर्देशन में मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत पहुंनी तिराहे पर सख्त नाकाबंदी की जा रही थी।
इसी दौरान आरणी की ओर से तेज गति से आती एक कार पुलिस को देखकर रुकने के इशारे के बाद भी भागने का प्रयास करने लगी। पुलिस जाप्ते ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया। कार में तीन युवक सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए।
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो स्टियरिंग के पास बने बॉक्स में एक प्लास्टिक की थैली मिली, जिसमें अफीम भरी हुई पाई गई। थैली सहित अफीम का कुल वजन 650 ग्राम निकला। पुलिस ने अफीम और कार जप्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
उदयराम उर्फ उदेराम पुत्र हांसु गाड़ी, निवासी रूपा जी खेड़ा, थाना कपासन
मुकेश पुत्र हीरालाल गाडरी, निवासी दौतड़ी खेड़ा, थाना भदेसर
दिव्यराज पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी कंथारिया
तीनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले का अनुसंधान साड़ास थानाधिकारी आजाद पटेल द्वारा किया जा रहा है।
कार्यवाही में थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवल, सहायक उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र जाखड़, कांस्टेबल रमेश बिश्नोई, जैसाराम, परमेश्वर सक्रिय रहे, वहीं इस कार्रवाई में कांस्टेबल सज्जन सिंह का विशेष योगदान रहा।
गंगरार थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और बड़ा अंकुश लगा है।
Tags
Breaking News