चित्तौड़गढ़ गंगरार आधी रात गंगरार में बड़ा हादसा: अनियंत्रित बस मकान में घुसी


डीएस सेवन न्यूज़ गंगरार  देर रात गंगरार क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुशलगढ़ से जयपुर की ओर जा रही महालक्ष्मी ट्रेवल्स की निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने क्रॉस बैरियर को तोड़ती हुई सीधे कन्हैया लाल धोबी के मकान में घुस गई। आधी रात हुए इस जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहशत में जाग उठा और घरों से लोग बाहर निकल आए।

हादसे में मकान का एक हिस्सा और उसके पास बनी दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। खास बात यह रही कि दुर्घटना के समय नॉनवेज की दुकान संचालक अर्जुन कुछ मिनट पहले ही दुकान बंद कर निकल गया था। अर्जुन ने बताया कि वह आमतौर पर देर रात तक दुकान पर रहता है, लेकिन कल वह थोड़ी जल्दी घर चला गया। यदि वह कुछ देर और रुका होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

मकान के पास मौजूद दूसरी दुकान में सो रहे चार लोग भी बाल-बाल बच गए। बस में सवार यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें तो आईं, लेकिन किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं पहुंची, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दो क्रेनों की मदद से बस को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया और मार्ग को फिर से सुचारू किया गया। लोगों का कहना है कि जिस तरह से बस मकान में घुसी, उससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, लेकिन संयोग अच्छा रहा कि कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में पूरे दिन इस घटना की चर्चा बनी रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post