भीलवाड़ा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्षेत्र में फैली सनसनी
DS7 NEWS NETWORK
डीएस सेवन न्यूज़ भीलवाड़ा जिले के मंगरोप थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मंगरोप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मंडपिया–माधोपुर मार्ग पर सड़क से कुछ दूरी पर महिला का शव पड़ा मिला। पास में तीन खाली बीयर की बोतलें, एक टिफिन और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को घसीटकर झाड़ियों में फेंका गया है।
जांच के दौरान मृतका की पहचान विमला कंवर (30) पत्नी अर्जुन सिंह राजपूत, निवासी कावांखेड़ा (बागरिया बस्ती) के रूप में हुई। विमला मूल रूप से बेगूं क्षेत्र के सल्लई गांव की रहने वाली थी और चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित बीएसएल फैक्ट्री में मजदूरी करती थी।
परिजनों के अनुसार, विमला शुक्रवार को फैक्ट्री गई थी और शनिवार सुबह भी टिफिन लेकर काम पर निकली थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी। रविवार सुबह उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर जिला पुलिस अधीक्षक, वृत्त सदर अधिकारी, सुभाषनगर और हमीरगढ़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे।
एसपी ने मामले का खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित कर कातिलों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल तीन संदिग्धों से पूछताछ जारी है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
Tags
Breaking News