उदयपुर ब्रेकिंग: यूरिया की कालाबाजारी पर प्रशासन का कड़ा वार
डीएस सेवन न्यूज़ उदयपुर संभाग में किसानों को राहत देने और यूरिया की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की विशेष टीमों ने अचानक जांच अभियान चलाया, जिसमें अनियमितता पकड़े जाने पर कुल 9 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान 732 बैग यूरिया जब्त होना विभाग की गंभीरता और अभियान की प्रभावशीलता को दिखाता है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ में 4, उदयपुर में 2, बांसवाड़ा में 2 और डूंगरपुर में 1 विक्रेता पर कार्रवाई की गई है। विभाग की टीम ने बताया कि जिन दुकानों पर स्टॉक छिपाने या गलत वितरण की शिकायतें मिली थीं, उन्हीं स्थानों पर पहले जांच की गई। कई जगह स्टॉक बुक से लेकर बिक्री रजिस्टर तक में गड़बड़ी सामने आई।
किसानों की सीधी मदद के लिए संभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां शिकायतें तुरंत दर्ज की जा सकें। इसके लिए सहायक निदेशक कृषि का हेल्पलाइन नंबर 9772346190 भी जारी किया गया है, जिस पर किसान कोई भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दे सकते हैं।
विभाग का दावा है कि संभाग में यूरिया की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी भी किसान को संकट की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही खाद-बीज विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का पालन न करने पर आगे और भी कड़ी कार्रवाई होगी।
Tags
Breaking News