डीएस सेवन न्यूज़ चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित जल संसाधन खंड कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में अचानक एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही कार्यालय का पूरा स्टाफ भयभीत होकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वन्यजीव प्रेमी मनीष तिवारी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उनकी टीम से मुबारिक खान मौके पर पहुंचे।
मुबारिक ने कार्यालय के गेट के पास जाकर देखा तो कोबरा फन फैलाए हमले की मुद्रा में बैठा हुआ था। सांप का मूड बेहद आक्रामक था, जिसके कारण रेस्क्यू प्रक्रिया को अत्यंत सावधानी से अंजाम दिया गया। कुछ मिनटों की मशक्कत के बाद मुबारिक ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
बचाव के बाद स्टाफ को सांप की प्रजाति और उससे जुड़े खतरों के बारे में जानकारी भी दी गई। इसके बाद कोबरा को जंगल में छोड़कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में किया गया।
Tags
Breaking News