चित्तौड़गढ़ कार से 44.300 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ 1 महिला सहित 2 गिरफतार

नाकाबंदी में कार से 44 किलो से अधिक अफीम डोडाचूरा बरामद, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 20 जनवरी। पारसोली थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 44.330 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी और नाकाबंदी की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा भगवत सिंह के निर्देशन और डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में पारसोली थानाधिकारी शिवराज राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर काटून्दा सर्विस रोड पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान काटून्दा अंडरब्रिज की ओर से आ रही एक मारुति सुजुकी फॉक्स कार को रुकवाया गया। कार में एक पुरुष और एक महिला सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए। संदेह के आधार पर जब कार की तलाशी ली गई तो पीछे की सीट के आगे पैरदान और डिक्की में रखे तीन प्लास्टिक के कट्टों से भारी मात्रा में अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर ही अवैध मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 57 वर्षीय महादेव पुत्र हरलाल जाट निवासी अगरपुरा थाना सदर भीलवाड़ा तथा 55 वर्षीय प्रेम पत्नी महादेव जाट निवासी लखमणियास थाना कोटड़ी, हाल अगरपुरा थाना सदर भीलवाड़ा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पारसोली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH 

Post a Comment

Previous Post Next Post