डीएस सेवन न्यूज़ जोधपुर। लूनी क्षेत्र में युवती को भगा ले जाने के एक मामले में शुक्रवार को कानून को हाथ में लेने की गंभीर घटना सामने आई। आरोपित युवक पर गुस्साए लोगों ने अचानक हमला कर दिया। मारपीट के दौरान धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, वहीं नाक भी काट दी गई। इसके अलावा मौके पर खड़े उसके वाहन में भी जमकर तोड़-फोड़ की गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को लहूलुहान हालत में तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान दिनेश बिश्नोई के रूप में हुई है। बताया गया कि करीब आठ दिन पहले वह पड़ोसी गांव की एक युवती को अपने साथ ले गया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था और ग्रामीणों के साथ पुलिस की सक्रियता भी बढ़ गई थी।
लगातार दबाव के चलते युवक ने गुरुवार को युवती को उसके परिजनों के पास छोड़ दिया था। इसके बावजूद शुक्रवार दोपहर जब वह एसयूवी वाहन से गांव पहुंचा, तो पहले से आक्रोशित लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News