चित्तौड़गढ़ निंबाहेड़ा में बस से ले जाया जा रहा 31 किलो 710 ग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त 2 युवक गिरफ्तार

निंबाहेड़ा में बस से ले जाया जा रहा 31 किलो 710 ग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त, दो युवक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बस में ले जाया जा रहा 31 किलो 710 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों को मौके से गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसएसपी सरिता सिंह एवं डीवाईएसपी बद्री लाल के निर्देशन तथा थानाधिकारी राम सुमेर के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व एसआई कन्हैया लाल ने किया, जिनके साथ हैड कांस्टेबल हरविंदर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस टीम ने जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान राजधानी बस को रोका। जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को डिटेन किया गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास मौजूद अलग-अलग बैगों में अवैध अफीम डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 31 किलो 710 ग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा जब्त किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेन्द्र पिता मनोहर राम बिश्नोई उम्र 22 वर्ष निवासी खेड़ी सालवा थाना डागीयावास जिला जोधपुर तथा श्याम लाल पिता जेठाराम चौधरी उम्र 19 वर्ष निवासी सुरपुरा कला थाना करवड़ जिला जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त श्याम लाल के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post