नाकाबंदी तोड़ भागी स्कॉर्पियो, 503 किलो डोडा चूरा बरामद; तीन नंबर प्लेट ने बढ़ाया शक
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत कपासन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। देर रात सुरपुर से हथियाना मार्ग पर की गई सख्त नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय बैरिकेड तोड़कर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्टॉप स्टिक का इस्तेमाल किया, जिससे वाहन के टायर पंचर हो गए और पीछा तेज कर दिया गया।
कुछ दूरी पर चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो के भीतर 26 प्लास्टिक कट्टों में भरा 503.160 किलोग्राम अधकुचला अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। वाहन से तीन अलग-अलग नंबर प्लेट मिलना इस पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना रहा है, जिससे तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका गहराई है।
जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बीच की गई इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन किन-किन इलाकों में इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।
Tags
Breaking News