चित्तौड़गढ़ में नाकाबंदी के दौरान ट्रावेल्स बस से 233 किलो गीली चंदन लकड़ी जब्त
ये सिर्फ Ai जेनरेट इमेज है यह सिर्फ खाली घटना को दर्शाने के लिए कवर पेज की इमेज के रूप में इस्तेमाल की गई है
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 14 फरवरी। जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रावेल्स बस से भारी मात्रा में गीली चंदन लकड़ी बरामद की। कार्रवाई कपासन चौराहे पर की गई, जहां मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निम्बाहेड़ा से पिलानी जा रही नीरज ट्रावेल्स बस को रुकवाया। तलाशी में बस की पिछली डिक्की के भीतर प्लास्टिक के छह कट्टों में भरी गीली चंदन लकड़ियां मिलीं।
बस को थाने लाकर कट्टों का वजन कराया गया, जिसमें कुल 233 किलोग्राम चंदन लकड़ी पाई गई। प्रारंभिक पूछताछ में चालक व परिचालक ने बताया कि यह पार्सल जयपुर ले जाया जाना था। पुलिस के अनुसार लकड़ी जंगल क्षेत्र से अवैध रूप से काटकर परिवहन के लिए बस में रखी गई थी।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश, एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में उप निरीक्षक श्यामलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने की। बरामद लकड़ी और बस को जब्त कर लिया गया है। चंदन लकड़ी बस में रखवाने वालों की पहचान और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।
Tags
Breaking News