डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में संचालित “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत अरनोद थाना पुलिस ने तस्करी के एक अनोखे और चौंकाने वाले तरीके का खुलासा किया है। पुलिस ने चप्पलों में मादक पदार्थ छिपाकर ले जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद हुआ है।
अरनोद थाना क्षेत्र की नोगांवा पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोका, जिस पर दो युवक सवार थे। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली, तो पीछे बैठे युवक की चप्पलें असामान्य रूप से भारी और फेविक्विक से चिपकी हुई नजर आईं। पुलिस ने जब चप्पलों को काटकर जांच की तो अंदर बनाई गई अलग-अलग जगहों में पीले रंग की प्लास्टिक थैलियां छिपी मिलीं।
जांच के दौरान दाहिने पैर की चप्पल से ब्राउन शुगर में मिलाया जाने वाला केमिकल पाउडर बरामद हुआ, जबकि बाएं पैर की चप्पल से पारदर्शी थैलियों में रखी ब्राउन शुगर निकली। पुलिस ने कुल 115 ग्राम ब्राउन शुगर और 116 ग्राम केमिकल पाउडर जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजर खान उर्फ संजू निवासी देवल्दी और गजराज दर्जी निवासी पडुनी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह मादक पदार्थ देवल्दी निवासी गुल-बादशाह खान से खरीदा गया था, जिसे बस के माध्यम से रतलाम (मध्यप्रदेश) ले जाने की योजना थी।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संजर खान पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है और मध्यप्रदेश के जावरा व पिपलोदा क्षेत्र में एनडीपीएस मामलों में जेल जा चुका है। वहीं गजराज दर्जी, संजर के कहने पर कुरियर बॉय के रूप में काम कर रहा था, जिसे तीन हजार रुपये मेहनताना तय किया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
Tags
Breaking News