भींडर में जागरूकता कार्यक्रम: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एफएसटीपी के लाभ व टोल फ्री नंबर की जानकारी
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर भींडर, 12 फरवरी 2026। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के तत्वावधान में पंचायती नोहरा परिसर, सिपाहियों का मोहल्ला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर सपोर्ट मनोज कुमार जाट ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के फायदों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि घरों के सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलजल को टैंकरों के माध्यम से पीपलवास रोड पर बन रहे एफएसटीपी में ले जाकर ट्रीट किया जाएगा, जहां इससे खाद तैयार होगी और उसका उपयोग खेती में किया जा सकेगा। इस प्रक्रिया से गंदगी से निजात मिलेगी और वातावरण स्वच्छ बना रहेगा।
कार्यक्रम में स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छर-मक्खी की रोकथाम तथा डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। नागरिकों से गीला एवं सूखा कचरा नगर पालिका की गाड़ी में डालकर स्वच्छता में सहयोग की अपील की गई। साथ ही टोल फ्री नंबर 18008439192 पर कॉल कर सेप्टिक टैंक खाली कराने की सुविधा की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास परियोजना की आशा निमरानी ने बताया कि वाना सेक्टर, भींडर सेकंड सेक्टर और कानोड़ फर्स्ट सेक्टर में मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वीरेंद्र कुमार भट्ट, लेखाकार अरुण शर्मा, महिला पर्यवेक्षक सीता मीणा, यूनिसेफ उन्नति संस्थान से परीक्षित चौबीसा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
DS7NEWS NETWORK UDAIPUR
Tags
Breaking News