ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई: बस स्टैंड क्षेत्र से 221 ग्राम स्मैक के साथ जोधपुर का युवक गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि उदयपुर रेंज के आईजीपी के निर्देशों पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत निम्बाहेड़ा क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन और वृताधिकारी बद्रीलाल के सुपरविजन में कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना प्रभारी राम सुमेर के नेतृत्व में पुलिस टीम बस स्टैंड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया, जिस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने युवक को रोककर उसके पास मौजूद बैग की नियमानुसार जांच की।
तलाशी के दौरान बैग में रखी एक पारदर्शी थैली से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी महीपाल पुत्र भग्गाराम देवासी (20) निवासी जाटीयावास, थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
Tags
Breaking News