मंदसौर 5 लाख की MD ड्रग्स व डोडाचूरा बरामद, तस्कर गिरफ्तार—सप्लायर फरार

मंदसौर में MD ड्रग्स और डोडाचूरा की बड़ी खेप पकड़ी, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर की नईआबादी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए MD ड्रग्स और डोडाचूरा की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके पर एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर मंदसौर-नीमच हाईवे स्थित अघोरिया फंटा के पास दबिश दी गई। यहां से आरोपी ईमरान पिता अफजल खान (32 वर्ष), निवासी डग जिला झालावाड़ राजस्थान को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम अवैध MD ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है, और 5 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसे जाफर खान निवासी डग द्वारा सप्लाई किया गया था। पुलिस ने जाफर खान को भी आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और CSP के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस अब इस मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post