सुखाड़िया विवि में बड़ा बदलाव: 18 पन्नों की जगह अब 4 पन्नों में प्रश्नपत्र, खर्च में 30% तक कटौती संभव
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में इस बार परीक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है, जिसने पूरे शिक्षा तंत्र का ध्यान आकर्षित किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रश्नपत्रों के प्रारूप में बदलाव करते हुए अब उन्हें ए-8 साइज के 18 पन्नों की बजाय ए-4 साइज के मात्र 4 पन्नों में तैयार करना शुरू कर दिया है।
पहले जहां प्रश्नपत्र छोटे-छोटे पन्नों में विभाजित होकर लंबे हो जाते थे, वहीं अब नई व्यवस्था के तहत पूरे प्रश्नपत्र को व्यवस्थित रूप से बड़े साइज के पन्नों पर छापा जा रहा है। यह बदलाव हाल ही में जारी नए टेंडर और नई प्रिंटिंग फर्म के चयन के बाद लागू किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस नई प्रणाली से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सरल और व्यवस्थित हो गई है। छात्रों को भी अब प्रश्नपत्र पढ़ने और समझने में आसानी हो रही है, क्योंकि पूरा पेपर कम पन्नों में स्पष्ट रूप से उपलब्ध है।
सबसे बड़ा फायदा खर्च में कमी को लेकर देखा जा रहा है। विवि के अनुसार, इस बदलाव से प्रिंटिंग और पेपर लागत में लगभग 25 से 30 प्रतिशत तक की बचत होने की उम्मीद है। इससे विश्वविद्यालय के बजट पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Tags
Breaking News