निंबाहेड़ा 4 साल से फरार 10 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार

चार साल से फरार 10 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ में बड़ी सफलता

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ निंबाहेड़ा ,06 अप्रैल। मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए डिटेन कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशों की पालना में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

यह टीम वर्ष 2022 में दर्ज प्रकरण में वांछित आरोपी राजू पुत्र नारायण राम सिरवी, निवासी बाला, तहसील व थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर की तलाश में भेजी गई। टीम ने थाना बिलाड़ा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और मादक पदार्थ तस्करी में उसकी भूमिका को लेकर गहनता से जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके

Post a Comment

Previous Post Next Post