NDPS एक्ट के फरार इनामी बदमाश सहित दो आरोपी गिरफ्तार, मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश मंदसौर, 06 अप्रैल 2026। थाना शामगढ़ पुलिस ने NDPS एक्ट में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक 5000 रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना शामगढ़ पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी कपिल सोराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 5000 रुपये के इनामी आरोपी यशवंत सिंह उर्फ जसवंत सिंह निवासी ग्राम खाईखेड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना शामगढ़ के तीन मामलों सहित राजस्थान के विभिन्न थानों में दर्ज NDPS एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों में फरार था। उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं।
इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य फरार आरोपी लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम गरड़ा को भी गिरफ्तार किया। वह भी NDPS एक्ट सहित आबकारी अधिनियम के कई मामलों में वांछित था।
गिरफ्तार आरोपी यशवंत सिंह के खिलाफ मंदसौर के अलावा जोधपुर, बाड़मेर और कोटा ग्रामीण जिलों में भी NDPS एक्ट व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं लक्ष्मण सिंह के खिलाफ भी विभिन्न थानों में आबकारी एक्ट और NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय, मनोज महाजन, रविंद्र प्रताप डांगी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है
Tags
Breaking News