मजदूर दिवस पर श्रमिकों की आवाज बनी जागरूकता: कानोड़ में अधिकार, स्वास्थ्य और विकास पर खास संवाद
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर कानोड़ अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कानोड़ में श्रमिकों के हितों को केंद्र में रखते हुए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के अंतर्गत नगर पालिका भिंडर, कानोड़ में आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय श्रमिकों की अहम भूमिका देखने को मिल रही है।
परियोजना की सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता (सीएपीपी) इकाई द्वारा समय-समय पर आमजन को जागरूक करने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में अंबेडकर बस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 25 श्रमिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान सीएपीसी इकाई के मनोज कुमार जाट ने श्रमिकों को श्रम के महत्व, उनके अधिकार और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा के उपाय, शिक्षा के महत्व, मौसमी बीमारियों से बचाव और व्यक्तिगत व सामूहिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी जागरूक किया। साथ ही महिला श्रमिकों को मिलने वाली सुविधाओं पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
मनोज कुमार जाट ने बताया कि सरकार के विकास कार्यों की नींव श्रमिकों की मेहनत पर ही टिकी होती है, इसलिए उनका सशक्त और जागरूक होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में अनिल कुमार खोखावत, अशोक कुमार खोखावत और नारायण लाल ने भी सहयोग प्रदान किया, वहीं बस्तीवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
Tags
Breaking News